
इंदौर। दिलजीत दोसांझ के इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट पर बम धमाके की धमकी के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिला है। उत्तर प्रदेश ATS ने ई-मेल के आईपी एड्रेस के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। मंगलवार रात पकड़े गए इस व्यक्ति के ई-मेल अकाउंट से कई धमकी भरे संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पूछताछ में उसने खुद को इन धमकियों से अलग बताते हुए दावा किया कि वह अपना ई-मेल अकाउंट किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुका है। अब ATS उस व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिसने अकाउंट खरीदा था।
जांच का सिरा ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर आए धमकी भरे संदेश से जुड़ा है। मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का नाम लेते हुए मंदिरों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। इतना ही नहीं, मुंबई में अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
धमकी भरे मेल की तकनीकी जांच के दौरान ATS ने आईपी एड्रेस ट्रेस किया। इसके आधार पर एजेंसी उत्तर प्रदेश के दो शहरों तक पहुंची और एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उसके ई-मेल अकाउंट से बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है। फिलहाल एजेंसी यह पता लगा रही है कि अकाउंट किसे और कब बेचा गया था तथा धमकी भेजने के पीछे किसका हाथ है।
एक तरफ कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर धमकी की जांच चल रही है, वहीं दूसरी तरफ दिलजीत के गानों को लेकर भी प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर शो में चार गाने नहीं गाने देने को कहा है। विभाग का मानना है कि इन गानों के बोल बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। इनमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम लभिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी' शामिल हैं। यानी इंदौर में होने वाले इस कॉन्सर्ट को लेकर अब सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ गानों की सूची भी चर्चा में है।
11 नवंबर 2026