
इंदौर। स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर मध्य प्रदेश ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण के इस बार के पुरस्कारों में प्रदेश के नौ नगरीय निकायों को सम्मान मिलने जा रहा है। इस उपलब्धि के साथ मध्य प्रदेश सबसे ज्यादा पुरस्कार हासिल करने वाला राज्य बनने जा रहा है। वहीं, पांच शहरों के साथ महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है।
इस बार इंदौर के खाते में एक और खास उपलब्धि जुड़ने जा रही है। इंदौर और देपालपुर की जोड़ी को देश की सर्वश्रेष्ठ 'सुपर स्वच्छ जोड़ी' का खिताब मिलने जा रहा है। वहीं, जबलपुर ने देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। देवास और उज्जैन ने भी अपनी-अपनी आबादी श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश की उपलब्धियों में इजाफा किया है। इस तरह स्वच्छता के अलग-अलग वर्गों में प्रदेश के शहरों ने अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि इस बार सम्मान केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि छोटे नगरीय निकायों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
28 अक्टूबर 2026