
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 80 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। यह रकम फिनिक्स मॉल के पीछे टीपीएस-05 मेन रोड स्थित एक खाली मैदान में खड़ी वैगनआर कार से मिली। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इतनी बड़ी रकम मिलने और उसके स्रोत को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने नकदी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, कार का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 09 ZE 5088 है। तलाशी के दौरान इसमें 500, 200 और 100 रुपए के नोटों में कुल 80 लाख रुपए मिले। इसमें 500 रुपए के नोटों में 75 लाख, 200 रुपए के नोटों में 2 लाख और 100 रुपए के नोटों में 3 लाख रुपए शामिल हैं। मौके पर कार सवार दोनों व्यक्ति नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण नहीं दिखा सके।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान तिलोक और मनोज के रूप में हुई है। दोनों देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा के निवासी हैं और खेती-किसानी करते हैं। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आए थे। दोनों ने इसे बरखेड़ा-बागली क्षेत्र में जमीन बेचने से मिली राशि बताया है। हालांकि, रकम के लेन-देन और उसके वास्तविक स्रोत को लेकर उनके जवाब स्पष्ट नहीं होने से पुलिस को संदेह है।
पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि 80 लाख रुपए कहां से आए और इन्हें किसे सौंपा जाना था। इतनी बड़ी नकदी के परिवहन को देखते हुए हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जांच के दायरे में है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने नियमानुसार पूरी रकम जब्त कर ली है और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सूचना दी है। अब आयकर विभाग नकदी के स्रोत, जमीन की बिक्री के दावे और संबंधित लेन-देन की जांच करेगा।
4 नवंबर 2026