
नई दिल्ली। अदाणी ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन गौतम अदाणी अपने विशाल कारोबारी साम्राज्य की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने परिवार के चार सदस्यों को चुना है। इनमें उनके दो बेटे करण और जीत अदाणी तथा दो भतीजे प्रणव और सागर शामिल हैं। हालांकि, चारों को समूह का पूर्ण नियंत्रण कब सौंपा जाएगा, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। फॉर्च्यून इंडिया को दिए विशेष इंटरव्यू में 64 वर्षीय गौतम अदाणी ने उत्तराधिकार की योजना पर बात करते हुए कहा कि अगली पीढ़ी को नेतृत्व विरासत में नहीं मिलता, बल्कि उसे अपनी योग्यता से हासिल करना होता है। उन्होंने कहा, 'अगली पीढ़ी को नेतृत्व विरासत में नहीं मिलता है। उन्हें इसे अर्जित करने की जिम्मेदारी विरासत में मिलती है।' उनके इस बयान से स्पष्ट है कि समूह में नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी के साथ अगली पीढ़ी की क्षमता और जिम्मेदारी को भी अहमियत दी जा रही है।
अदाणी ग्रुप का कारोबार पोर्ट, एयरपोर्ट, ऊर्जा, बिजली, सीमेंट और लॉजिस्टिक्स सहित कई क्षेत्रों में फैला है। भारतीय शेयर बाजारों में सूचीबद्ध समूह की करीब एक दर्जन कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 17 लाख करोड़ रुपए से अधिक है। वहीं, गौतम अदाणी की व्यक्तिगत संपत्ति करीब 10.11 लाख करोड़ रुपए बताई गई है।
वर्तमान में करण अदाणी पोर्ट और लॉजिस्टिक्स कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि जीत अदाणी एयरपोर्ट सहित समूह के अन्य कारोबारों से जुड़े हैं। प्रणव और सागर अदाणी भी समूह के विभिन्न व्यवसायों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं। ऐसे में चारों सदस्यों को साथ लेकर भविष्य के नेतृत्व की व्यवस्था तैयार की जा रही है। अदाणी ग्रुप में यह बदलाव ऐसे समय की तैयारी है, जब समूह अपने कारोबार का विस्तार कर रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि गौतम अदाणी किस तरह चारों सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा करते हैं और नेतृत्व हस्तांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं।
7 नवंबर 2026