
इंदौर। दीपावली पर हुई आतिशबाजी के बीच शहर के अलग-अलग इलाकों में आगजनी की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। रात होते ही पटाखों से निकली चिंगारी कई जगह मुसीबत बन गई। सरवटे बस स्टैंड पर टायरों में आग लगी तो खजराना में फर्नीचर का गोदाम इसकी चपेट में आ गया। स्कीम नंबर-54 और विजयनगर में फ्लैट में आग पहुंची, वहीं नंदबाग के कचरा प्लॉट और परदेशीपुरा की कपड़े की दुकान में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। फायर ब्रिगेड को रातभर अलग-अलग इलाकों में दौड़ लगानी पड़ी। गनीमत रही कि इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे सरवटे बस स्टैंड से आग लगने की पहली सूचना मिली। यहां एक दुकान की छत पर रखे टायरों में आग भड़क उठी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से पहले नियंत्रित किया। इसके बाद खजराना इलाके से आग की सूचना आई। यहां गैराज के साथ फर्नीचर के गोदाम में आग लग गई। शेड के नीचे बनी दुकानों में रखा फर्नीचर आग की चपेट में आकर जल गया। आग से काफी सामान खराब हो गया।
स्कीम नंबर-54 में रजत ज्वेलर्स के ऊपर बने फ्लैट्स में देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर एसीपी पराग सैनी और टीआई चंद्रकांत पटेल सहित पुलिस बल भी पहुंचा। आग में फ्लैट के भीतर रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
विजयनगर के मिलन हाइट्स में भी पटाखों की चिंगारी एक फ्लैट तक पहुंच गई। आग लगते ही रहवासियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इससे आग दूसरे हिस्सों में फैलने से बच गई।
नंदबाग स्थित कचरा प्लॉट में भी आतिशबाजी के दौरान आग लग गई। घटना के समय वहां कुछ कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।वहीं, परदेशीपुरा के रोड नंबर-6 पर स्थित कपड़े की दुकान में भी आग लगने की सूचना मिली। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित किया। एक ही रात में शहर के छह अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं में दुकानों, गोदाम और घरों का सामान प्रभावित हुआ। हालांकि, समय पर मिली सूचना और दमकल की तत्परता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
6 नवंबर 2026