
इंदौर। भंवरकुआ थाना क्षेत्र की इंद्रपुरी कॉलोनी में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। विधायक मधु वर्मा के घर के पास स्थित एक लाइब्रेरी की तीसरी मंजिल पर लगा करीब 10 फीट लंबा एल्युमिनियम शेड अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। शेड गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते तीसरी मंजिल की छत पर पानी जमा हो गया था। पानी का वजन बढ़ने से शेड पर दबाव पड़ा और वह अचानक नीचे आ गिरा। जिस समय घटना हुई, उस दौरान लाइब्रेरी में कुछ बच्चे मौजूद बताए गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ लोग घटना का वीडियो बनाने लगे, जिसको लेकर लाइब्रेरी संचालक और लोगों के बीच विवाद भी हो गया। संचालक ने वीडियो बना रहे लोगों को वहां से बाहर जाने के लिए कहा।
लाइब्रेरी संचालक अनिल बागड़ी ने बताया कि घटना के समय शेड के नीचे कोई बच्चा मौजूद नहीं था। वह खुद छत पर जमा पानी बाहर निकालने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एल्युमिनियम का शेड अचानक नीचे गिर गया।
संचालक के मुताबिक हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। उनका कहना है कि बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। वहीं, घटना के समय लाइब्रेरी में चल रहे मेंटेनेंस कार्य की भी जानकारी सामने आई है। राहत की बात यह रही कि शेड गिरने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।
20 सितंबर 2026