
इंदौर। रसोई के बजट पर एक और वार हुआ है। इंदौर में आज से यानी 1 अक्टूबर से दूध के दाम बढ़ गए हैं। डेयरी और दुकानों से अब एक लीटर दूध के लिए 68 रुपए चुकाने होंगे। पहले यही दूध 65 रुपए लीटर मिल रहा था। यानी सीधे 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
घर तक दूध मंगाने वालों की जेब पर असर और ज्यादा होगा। दूध की कीमत 68 रुपए प्रति लीटर के साथ 1 रुपए प्रति लीटर डिलीवरी चार्ज अलग से देना होगा। इस तरह होम डिलीवरी वाला दूध 69 रुपए लीटर पड़ेगा।
बढ़ी कीमत का असर सिर्फ एक दिन की खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा। रोज 2 लीटर दूध लेने वाले परिवार को महीने में करीब 180 रुपए अतिरिक्त खर्च करने होंगे। वहीं 3 लीटर रोजाना खपत होने पर यह अतिरिक्त बोझ करीब 270 रुपए महीने तक पहुंच जाएगा।
दूध के दाम बढ़ाने के साथ दूध उत्पादकों को मिलने वाले भुगतान में भी बढ़ोतरी की गई है। किसानों के भुगतान में 33 पैसे प्रति फैट की वृद्धि की गई है। दूध का भुगतान उसकी फैट मात्रा के आधार पर तय होता है।
5.5 से 6 फैट वाले दूध के लिए भी नई दरें निर्धारित की गई हैं। नई कीमत और भुगतान व्यवस्था 1 अक्टूबर से लागू हो गई है। यानी त्योहारों के सीजन की शुरुआत के साथ ही शहर के परिवारों के मासिक बजट में दूध का खर्च भी बढ़ गया है।
28 अक्टूबर 2026