
इंदौर। भाजपा 30 अक्टूबर को इंदौर में पैदल मार्च निकालेगी। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत होने वाले इस मार्च को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लोगों से शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन पूर्वजों ने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान दिया, उनके देश में ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारे बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। भारत माता हमारी माता हैं और देश के खिलाफ बोलने वालों को अराजकता फैलाने की छूट नहीं दी जा सकती।
विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सवाल उठाया कि क्या देश में अराजकता फैलाने वालों का समर्थन किया जाएगा? क्या सत्ता परिवर्तन के नाम पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना और आम लोगों को नुकसान पहुंचाना उचित है? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भारत की प्रगति नहीं देखना चाहते और देश में भी अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
विजयवर्गीय ने अपने वीडियो में फ्रांस, इटली और अल्जीरिया सहित विभिन्न देशों में जारी अशांति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने पड़ोसी देशों बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल में राजनीतिक उथल-पुथल देखी है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग भारत में भी इसी तरह की स्थिति पैदा करना चाहते हैं। भाजपा का कहना है कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए अराजकता फैलाने वाली गतिविधियों का विरोध जरूरी है।
भाजपा का पैदल मार्च 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सुभाष नगर चौराहे से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे तक पहुंचेगा। मार्च की तैयारियों के तहत सोमवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

28 अक्टूबर 2026