
इंदौर। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन में इंदौर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कथित वोट चोरी के मुद्दे पर आयोजित प्रदर्शन में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इंदौर से करीब 3 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के वेश में पहुंचे एक युवक के साथ अनोखे अंदाज में नारे लगाए। उन्होंने 'ज्ञानू-ज्ञानू, यस पापा, जाइनिंग टू जेल, ये पापा' के नारे लगवाए। वहीं, 'Gyanu It's Done Bro' जैसे नारे भी चर्चा में रहे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़ बता रही है कि जनता कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चुप रहने वाली नहीं है। वहीं, विपिन वानखेड़े ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं होगा, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
इंदौर से नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शनिवार से शुरू हो गया था। वानखेड़े कारों के काफिले के साथ रवाना हुए, जबकि चिंटू चौकसे रविवार सुबह फ्लाइट से सीधे प्रदर्शन स्थल पहुंचे। पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, देवेंद्र यादव, अमित पटेल और रवि दांगी सहित कई नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। इंदौर कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए वोट चोरी के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।
24 अक्टूबर 2026