
उज्जैन। शाही मस्जिद हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हुए पथराव और उपद्रव के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब तक 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बुधवार को इनमें से 9 आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। पेशी के दौरान सभी आरोपियों को एक ही रस्सी में बांधकर पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची।
पुलिस ने सभी आरोपियों को पहले थाना खाराकुंआ से जिला चिकित्सालय ले जाकर मेडिकल जांच कराई। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें जिला न्यायालय में पेश किया गया।
कोर्ट में सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी 9 आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईशान, तैयब मंसूरी, सलमान, कासिम, शेख आसिफ, साहिल, साबिर शेख, अल्पेश और समीर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक शाही मस्जिद हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए पथराव और उपद्रव के मामले में अब तक कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में पुलिस की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
28 अक्टूबर 2026