
उज्जैन। छत्री चौक सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रहे संवेदनशील विवाद में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 20 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भड़काऊ कंटेंट के जरिए माहौल बिगाड़ने और मौके पर बिना अनुमति प्रदर्शन व पथराव करने के मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर ऐसी रील और वीडियो प्रसारित किए गए, जिनसे लोगों को उकसाने और विवादित मामले में भीड़ जुटने की स्थिति बनी। मामले में साजिद खान, इमरान खान, गुलरेज खान, बिल्लू पठान और आरिफ पठान समेत 4-5 सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
दूसरी कार्रवाई मौके पर हुए प्रदर्शन और कथित पथराव को लेकर की गई। पुलिस ने बिलाल, तालू हेला, नदीम, शाकिर, तौफिक, सलीम, शाहनवाज, आर्षद दीवान, अल्तमस, अरबाज, वसीम मंसूरी सहित कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि छत्री चौक का मामला संवेदनशील होने के कारण सोशल मीडिया गतिविधियों और मौके पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अफवाह फैलाने, लोगों को उकसाने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
28 अक्टूबर 2026