
उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर सोमवार सुबह उज्जैन में तनाव की स्थिति बन गई। विरोध कर रहे मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ टंकी चौराहे पर जुट गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया।पुलिस के मुताबिक, टंकी चौराहे पर 100 से ज्यादा लोग जमा हो गए थे। कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर की ओर जाने की कोशिश भी की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ युवकों की ओर से पथराव किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल बुलाकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी।
महिलाओं को हटाने के दौरान क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, शाही मस्जिद के पास पुलिस पर पथराव के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ युवक पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस लगातार आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही।
इधर, शाही मस्जिद को हटाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर महिलाओं को हटाने तथा स्थिति सामान्य करने का प्रयास करती रही।
सिंहस्थ की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसी सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद का हिस्सा भी आ रहा है। मस्जिद को फिलहाल ग्रीन नेट से ढंक दिया गया है। मामले को लेकर सोमवार को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई भी प्रस्तावित है। फिलहाल टंकी चौराहा, शाही मस्जिद और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है और क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
28 अक्टूबर 2026