
भोपाल। हमीदिया अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर्स मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे इंटर्न डॉक्टर्स को पुलिस ने मोती मस्जिद चौराहे पर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच इसी दौरान धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन चलाया। इसकी चपेट में आने से एक छात्र घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंटर्न डॉक्टर्स के प्रदर्शन के चलते मोती मस्जिद चौराहे के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंटर्न डॉक्टर्स का कहना है कि वर्तमान में उन्हें 14,337 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई और काम के दबाव को देखते हुए यह राशि बेहद कम है। डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाकर कम से कम 30 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टर्स के मुताबिक, सरकार की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाने का मौखिक आश्वासन पहले दिया गया था। इसके बावजूद अब तक स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। इससे इंटर्न डॉक्टर्स में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इंटर्न डॉक्टर्स का कहना है कि वे अपनी मांग सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने उन्हें मोती मस्जिद चौराहे पर ही रोक दिया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रदर्शन के कारण इलाके में तनाव के साथ यातायात प्रभावित बना हुआ है।
28 अक्टूबर 2026