
दतिया। दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता 'यूसीसी' लागू करने को लेकर कांग्रेस की चुप्पी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये मुस्लिम, ये ईसाई.. अलग-अलग कानून क्यों होना चाहिए। अगर रामचंद्र एक शादी करेगा तो दूसरा चार क्यों करना चाहिए। एक समान कानून की बात होगी।
सीएम ने कहा कि कांग्रेसी बाकी सारी बात कर रहे हैं, लेकिन कॉमन सिविल कोड पर बोलने को तैयार नहीं। आपकी 55 साल सरकार रही, क्या तीर मार लिया। कोई तीर नहीं मारा। उन्होंने कहा आज का यह अभियान विजय अभियान है। हमारी पार्टी के लिए यह चुनाव राजा और रंक का है। कांग्रेस और उसकी मानसिकता जमीन पर टिकने वाली नहीं होती। उन्हें जमीन का होश नहीं और सारा आसमान खरीदने की बात करते हैं।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। देश के 80 फीसदी हिस्से से कांग्रेस लापता हो चुकी है। भाजपा के आगे कांग्रेस का अता-पता नहीं लगता। लेकिन, रस्सी जल गई पर बल नहीं गया। सीएम ने आगे कहा कि अवधेश नायक हमारी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में गए। कांग्रेस ने उनको क्या-क्या सपने दिखाए। लेकिन अवधेशजी वहीं के वहीं। वो कभी महाराजा को ले आए तो कभी कहते भारती परिवार से कोई आएगा। अब अवधेश नायकजी भी कहीं के नहीं रहे, भारती परिवार भी कहीं का नहीं रहा। इनका जो तरीका है जो सबके सामने है। किसी बड़े आदमी से रिश्तेदारी हो तो कांग्रेस में टिकट मिल जाता है। ये कांग्रेस को मुबारक। हमारी पार्टी अपने कार्यकर्ता को लेकर चलती है। सीएम यादव ने कहा कि दतिया का चुनाव भारतीय जनता पार्टी ही जीतेगी। हम सब मिलकर दतिया को जिताएंगे। हमारी पार्टी राजा-महाराजा की पार्टी नहीं है। यह सनातन संस्कृति की पार्टी है। हम सब मिलकर यहां विजय हासिल करेंगे। दुश्मन चालाक है, वह आंख में धूल झोंकने की कोशिश करेगा, लेकिन हम ये होने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नाटक कांग्रेस के बड़े नेता के नाना ने किया, नानी ने किया, माता-पिता ने किया, वही नाटक ये बड़े नेता करते हैं। केवल जनता को छलती है। कांग्रेस 1956 में पहली बार राज्य की सत्ता में आई। तब से लेकर साल 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये साल थी। बीजेपी के शासनकाल में दतिया कहां से कहां पहुंच गया। यहां हुआ विकास भाजपा की ही देन है। कांग्रेस के शासनकाल में पहले डाकू और फिर नक्सली खून की नदियां बहाते थे। इस पर भी कांग्रेस के लोगों को शर्म नहीं आती थी। कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है, उसे जनता से कोई मतलब नहीं।
उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाल सलाम को भी आखिरी सलाम कह दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सारे क्षेत्रों में विकास हो रहा है। उनके नेतृत्व में आज प्रति व्यक्ति आय 159 हजार आय हो गई है। पहले रात को बिजली नहीं मिलती थी, आज दिन में बिजली मिल रही है।
28 अक्टूबर 2026