
मैहर। मैहर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया। नादन थाना क्षेत्र के ग्राम रीघरा के पास रात करीब एक बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल तथा एक अन्य परिजन के रूप में हुई है।
सभी मृतक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। हादसे में संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असामयिक मौत से ग्राम तनाजा सहित पूरे मैहर क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस परिवार में कुछ घंटे पहले जन्मदिन की खुशियां थीं वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस हृदयविदारक हादसे को याद कर स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सभी लोग जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों तथा घायल को वाहन से बाहर निकाला। हादसे की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
28 अक्टूबर 2026