
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा इलाके में स्थित रायगढ़ इस्पात में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम के दौरान फर्नेस में रिसाव होने से अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके की चपेट में आने से चार मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर के समय फर्नेस में अचानक ब्लास्ट हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ भेजा गया। बताया जा रहा है कि घायलों को अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। हादसे में चार श्रमिक घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।
28 अक्टूबर 2026