
इंदौर। लसूड़िया मोरी के एक गोदाम में गर्भपात किट का बड़ा स्टॉक मिलने से औषधि विभाग की कार्रवाई चर्चा में आ गई है। कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर छापा मारकर 'सेफ टी किट' के 9360 पैक जब्त किए। जब्त स्टॉक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
औषधि विभाग को सूचना मिली थी कि गोदाम में बड़ी मात्रा में गर्भपात किट का स्टॉक रखा हुआ है। इसके बाद टीम ने लसूड़िया मोरी पहुंचकर गोदाम की जांच की। तलाशी के दौरान एक-दो नहीं, बल्कि हजारों पैक मिलने पर अधिकारियों ने पूरा स्टॉक अपने कब्जे में ले लिया।
गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में 'सेफ टी किट' मिलने के बाद अब विभाग की जांच का फोकस इनके दस्तावेज और स्टॉक रिकॉर्ड पर है। अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि किट कहां से खरीदी गईं, किस रिकॉर्ड के आधार पर स्टॉक किया गया और इतनी बड़ी मात्रा में इनकी सप्लाई कहां की जानी थी।
इस कार्रवाई के तार धार कोठी क्षेत्र में हुई पिछली कार्रवाई से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहां गोदाम की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर औषधि विभाग की टीम लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम तक पहुंची। इसके बाद हुई कार्रवाई में 9360 पैक बरामद हुए।
औषधि विभाग अब जब्त किट के दस्तावेज, खरीद-बिक्री और स्टॉक से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रहा है। जांच में यह भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतने बड़े स्टॉक का वास्तविक स्रोत क्या था और इसकी सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ था।
24 अक्टूबर 2026