
नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने भ्रामक विज्ञापन के मामले में ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी अपनी ब्रेड को ‘100% Whole Wheat Bread’ बताकर प्रचारित कर रही थी, जबकि जांच में यह दावा सही नहीं पाया गया।
CCPA की जांच में सामने आया कि संबंधित ब्रेड में करीब 62 प्रतिशत होल व्हीट फ्लोर था, जबकि बाकी हिस्से में पानी, यीस्ट, व्हीट ब्रान और अन्य सामग्री शामिल थी। इसके बावजूद पैकेजिंग और विज्ञापन में ‘100% होल व्हीट’ का दावा किया गया, जिसे प्राधिकरण ने उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला माना।
कंपनी ने अपने पक्ष में कहा कि ‘100%’ का आशय इस्तेमाल किए गए गेहूं के आटे से था और उत्पाद में मैदा नहीं मिलाया गया था। हालांकि, CCPA ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। प्राधिकरण का कहना है कि इस तरह का दावा उपभोक्ता को यह संदेश देता है कि पूरा उत्पाद ही 100 प्रतिशत होल व्हीट से बना है।CCPA ने इसे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत भ्रामक विज्ञापन और अनुचित व्यापार व्यवहार मानते हुए कंपनी को विज्ञापन तत्काल वापस लेने का निर्देश दिया है। साथ ही 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करने को कहा गया है।
24 अक्टूबर 2026