
इंदौर। रातभर काम करने के बाद घर लौट रहे एक 28 वर्षीय युवक की सोमवार सुबह सड़क हादसे में जान चली गई। हादसा पलासिया और तिलक नगर थाना क्षेत्र की सीमा पर सेंट पॉल स्कूल के पास हुआ। युवक अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था, तभी तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान उदय कश्यप (28), पिता कमल कश्यप, निवासी विनोबा नगर के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपने दोस्त सौरभ पाटिल के साथ नाइट शिफ्ट खत्म कर घर लौट रहा था। सेंट पॉल स्कूल के पास अचानक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उदय सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद दोस्त सौरभ ने समय गंवाए बिना ऑटो रिक्शा की मदद से उदय को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उदय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका था। परिवार में मां और एक छोटा भाई है। उदय एक पैकेजिंग कंपनी में नौकरी करता था और अपनी कमाई से पूरे परिवार का खर्च उठाता था। उसकी असमय मौत से परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य छिन गया।
7 नवंबर 2026