
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही प्रदूषण ने भी खतरनाक रूप ले लिया है। शुक्रवार को दिल्ली ने पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे प्रदूषित शहर का दर्जा हासिल कर लिया। स्विस संस्था IQAir के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 334 दर्ज किया गया, जबकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में यह 403 तक पहुंच गया। यह स्तर गंभीर श्रेणी में आता है।
राजधानी के कई इलाकों में हालात और भी चिंताजनक हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में AQI 478 और आईटीओ में 455 दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि लोगों को खुले में सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। सुबह और शाम के समय जहरीली हवा का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को है। लगातार जहरीली हवा में रहने से आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में सवाल यह है कि हर साल सर्दियों में बिगड़ने वाली दिल्ली की हवा से निपटने के लिए ठोस इंतजाम कब होंगे? फिलहाल राजधानी के लोगों के सामने साफ हवा में सांस लेना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
11 नवंबर 2026