
नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में शुक्रवार को दिल्ली में एक बार फिर प्रदर्शन हुआ। बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास जुटे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारी उनके पोस्टर लेकर पहुंचे थे। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन का आयोजन ‘पीपल अगेंस्ट SIR’ और छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने किया था। संगठनों ने बंगला साहिब गुरुद्वारे से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
दिल्ली में SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध का सिलसिला जारी है। पिछले 22 दिनों में नौ से अधिक बार राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किए हैं। इनमें INDIA ब्लॉक, आम आदमी पार्टी, वामपंथी संगठन, AISA, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), संयुक्त किसान मोर्चा (SKM), सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) और छात्र-नागरिक अधिकार संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे हैं।
प्रदर्शनकारी SIR की प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार का प्रदर्शन भी इसी विरोध का हिस्सा रहा।
24 अक्टूबर 2026