
मुंबई। जियो प्लेटफॉर्म्स के करीब 30,213 करोड़ रुपए के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। बुधवार को खुलने के महज 35 मिनट के भीतर इश्यू पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। आकार के लिहाज से देश के पांच सबसे बड़े आईपीओ में यह सबसे तेज शुरुआत रही। इससे पहले हुंडई, एनएसई और एलआईसी के आईपीओ पहले ही दिन पूरी तरह सब्सक्राइब नहीं हो पाए थे।
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को पहले दिन शाम 5 बजे तक 3.16 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। निवेशकों ने ऑफर के तहत उपलब्ध 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 62.36 करोड़ शेयरों के लिए आवेदन किया। इन आवेदनों के जरिए करीब 69,800 करोड़ रुपए की बोली लगाई गई। शुरुआती घंटों में ही निवेशकों की मजबूत भागीदारी से इश्यू को लेकर बाजार में उत्साह नजर आया।
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को मिले मजबूत रिस्पॉन्स का असर रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पर भी दिखाई दिया। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 2.7% तक उछल गया। हालांकि, दिन के अंत में तेजी सीमित होकर 0.37% रह गई। निवेशकों के पास आईपीओ में बोली लगाने का मौका शुक्रवार तक रहेगा।
24 अक्टूबर 2026