
ग्वालियर। नवरात्रि के दौरान शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदल गईं। मंदिर के रास्ते पर धान से भरा एक ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया। हादसे में 14 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, छिनोर की ओर से शीतला माता मंदिर आने वाली सड़क पर ढलान है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। रात करीब 1:30 बजे धान से भरे ट्रक को रोकने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन ट्रक पुलिस के बैरिकेड तोड़कर अचानक ढलान पर नीचे उतर गया। अनियंत्रित ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। इस दौरान सड़क पर मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। एसएसपी के अनुसार, कुल 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में 13 लोगों की मौत की पुष्टि बताई गई, जबकि बाद में मृतकों की संख्या 14 होने की सूचना है। घायलों में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
24 अक्टूबर 2026