
सीहोर। बुधनी विधानसभा में आदिवासी परिवार का मकान तोड़े जाने के मामले ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जांच कराकर सच्चाई सामने लाने का भरोसा दिया है।
शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरे क्षेत्र में जुल्म की पराकाष्ठा हुई है। अन्याय की इंतहा हुई है। सवेरे तक जो घर आबाद थे, जहां बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां बच्चों की चीखें गूंज रही हैं।" उन्होंने कहा कि परिवारों के घर गिरा दिए गए, फसल दबा दी गई और कुएं तक भर दिए गए। शिवराज ने मुख्यमंत्री के सामने भी मामला रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में कोई ऐसा अन्याय न कर सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जा रही है और मुख्य सचिव को भी इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार संवेदनशील सरकार है। हमारे वरिष्ठ नेता ने कोई बात रखी है, तो जांच करवाएंगे। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।" अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारों को लेकर तस्वीर साफ होगी।
26 अक्टूबर 2026