
नई दिल्ली। अभिनेता सलमान खान के 1998 के काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ को लेकर कानूनी विवाद और गहरा गया है। फिल्म के निर्माताओं ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सलमान खान की ओर से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली कार्यवाही पर रोक लगाने का आग्रह किया है। मामले में मंगलवार को जस्टिस अनूप जयराम भंभानी की अदालत ने सलमान खान से जवाब मांगा।
फिल्म निर्माताओं का तर्क है कि सलमान खान पहले ही अपनी पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स की सुरक्षा को लेकर मुकदमा दायर कर चुके हैं। इसी मामले में 11 दिसंबर 2025 को अदालत ने एकतरफा अंतरिम रोक का आदेश भी दिया था। इसके बाद खान ने इसी प्रस्तावित फिल्म की रिलीज रोकने के लिए अलग से अंतरिम राहत की मांग की, जो अभी लंबित है। मेकर्स ने हाईकोर्ट में कहा कि दोनों कार्यवाहियों में विवाद का विषय लगभग समान है। उनके मुताबिक फिल्म, उसके प्रचार-प्रसार से जुड़े कंटेंट और सलमान खान के व्यक्तित्व या पब्लिसिटी राइट्स के कथित उल्लंघन को लेकर समानांतर मुकदमे चलना उचित नहीं है। अब हाईकोर्ट के नोटिस के बाद सलमान खान का जवाब इस कानूनी विवाद की अगली दिशा तय करेगा।
26 अक्टूबर 2026