
वृंदावन। वाराह घाट इलाके में शुक्रवार को संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग की है, जहां प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े 50 से अधिक शिष्य और सेवादार रहते हैं। पुलिस को घटनास्थल से खून लगा ग्राइंडर भी मिला है। निजी अंग पर गंभीर चोट मिलने के कारण पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रसिक दुलारी शरण बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर पहुंचे। कुछ देर वहां बैठने के बाद उन्होंने नीचे छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस को घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी मिला है, जिसमें रसिक के बिल्डिंग से गिरते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि गुरुवार को रसिक के निजी अंग पर गंभीर चोट लगी थी। साथी उन्हें अस्पताल लेकर गए थे, जहां उपचार के बाद वे वापस लौट आए थे। कमरे की जांच में खून लगा ग्राइंडर मिलने के बाद पुलिस इस घटनाक्रम को भी जांच का हिस्सा बना रही है। हालांकि, चोट किस परिस्थिति में लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रसिक का परिवार मथुरा पहुंचा। पोस्टमॉर्टम हाउस में शव देखकर मां लौंग बाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। मां ने बताया कि करीब दो साल पहले बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने कहा कि पहले भी बेटे से मिलने आए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी थी। परिवार ने बेटे का अंतिम संस्कार वृंदावन में ही करने की इच्छा जताई है।
सीओ संदीप सिंह के अनुसार CCTV फुटेज में रसिक दुलारी शरण के बिल्डिंग से कूदने की बात सामने आई है। उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। कुछ सूत्रों ने दावा किया है कि रसिक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रेमानंद महाराज के आश्रम की ओर से भी मामले को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
26 अक्टूबर 2026