
इंदौर। सफाई में देश को राह दिखाने के बाद अब इंदौर हवा को साफ रखने के मामले में भी अपनी छाप छोड़ता नजर आ रहा है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणामों में शहर के देश के शीर्ष तीन शहरों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक इंदौर को दूसरा स्थान मिला है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि 7 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले पुरस्कार समारोह में होगी।
राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस पर इंदिरा पर्यावरण भवन के गंगा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव सर्वेक्षण के परिणाम जारी करेंगे। इसी दौरान इंदौर को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सराहना पुरस्कार भी दिया जाएगा। समारोह में शामिल होने के लिए महापौर और नगर निगम आयुक्त को आमंत्रित किया गया है।
शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम और प्रशासन ने कई स्तरों पर काम किया। सड़कों से उड़ने वाली धूल रोकने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का इस्तेमाल बढ़ाया गया। निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के वैज्ञानिक निपटान तथा उसके रीसाइकिल और पुन: उपयोग पर जोर दिया गया। शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए ग्रीन बेल्ट विकसित किए गए, वहीं सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाए गए। खास तौर पर PM2.5 और PM10 जैसे महीन कणों के स्तर को नियंत्रित करने पर फोकस रहा।
अभी तक सामने आई जानकारी सूत्रों पर आधारित है। इंदौर वास्तव में देश में दूसरे स्थान पर है या रैंकिंग में कोई बदलाव है, इसका फैसला 7 सितंबर को नई दिल्ली में आधिकारिक परिणाम जारी होने के बाद ही होगा। स्वच्छता के बाद स्वच्छ हवा की रैंकिंग में भी इंदौर का नाम चमकता है तो यह शहर के लिए एक और बड़ी उपलब्धि होगी।
26 अक्टूबर 2026