
इंदौर। मध्यप्रदेश की युवा फिल्म प्रोड्यूसर रुचिता मेहता व्यास ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के साथ एक और उपलब्धि अपने नाम की है। भोपाल में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘नेशनल आइकॉन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नर्मदापुरम-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रदान किया।
रुचिता मेहता व्यास पिछले कई वर्षों से फिल्म निर्माण के साथ-साथ महिला उद्यमिता और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उनका प्रयास मध्यप्रदेश की बेटियों को फिल्म इंडस्ट्री से जोड़ने और उन्हें अभिनय सहित पर्दे के पीछे के विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध कराने पर केंद्रित रहा है।
रुचिता के फिल्म निर्माण सफर में हालिया प्रोजेक्ट ‘BALANCE’ भी खास है। उनके पति प्रवेश व्यास द्वारा लिखित और निर्देशित इस फीचर फिल्म के जरिए कई नई प्रतिभाओं को फिल्म इंडस्ट्री में काम करने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला है। फिल्म का काम अभी जारी है और जल्द ही यह फिल्म सिनेमाघरों में दिखाई देगी।
भोपाल के पीपुल्स यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में 30 अगस्त 2026 को आयोजित इस समारोह का आयोजन राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ (RNSS) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार धाकड़, डॉ. निशा नागवंशी और डॉ. राहुल पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
‘नेशनल आइकॉन अवॉर्ड’ का आयोजन वर्ष में एक बार देश के अलग-अलग शहरों में किया जाता है। इस सम्मान के जरिए कला, संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाता है। रुचिता मेहता व्यास को मिला यह सम्मान उनके फिल्म निर्माण के सफर के साथ नई प्रतिभाओं और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।
26 अक्टूबर 2026