
नई दिल्ली। गुरुवार को कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के अर्धशतक के दम पर पहले बैटिंग करते हुए 44 ओवर में 233 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड ने जो रूट के नाबाद 99 रनों की बदौलत आसानी से मुकाबला अपने नाम किया। इंग्लैंड ने 44.1 ओवर में 6 विकेट पर 235 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
कल की इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। रूट को शतक पूरा करने के लिए सिर्फ एक रन की जरूरत थी लेकिन उन्होंने एटकिंसन को मैच खत्म करने का मौका दिया। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 47 रन देकर तीन विकेट लिए। गस एटकिंसन ने भी तीन विकेट और साकिब महमूद ने दो विकेट लिए। सैम करन और विल जैक्स को एक एक-एक विकेट मिला।
इंग्लैंड ने पहली गेंद पर बेन डकेट का विकेट गंवाया। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन भेजा। प्रसिद्ध कृष्णा ने जैकब बेथल को आउट किया। कप्तान हैरी ब्रूक 16 गेंद में 16 रन ही बना सके। जोस बटलर 18 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। विल जैक्स 44 गेंद में 30 रन बनाकर गुरनूर बरार का शिकार हुए। जो रूट 133 गेंद में नाबाद 99 रन बनाकर वापस लौटे। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए।
पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम को 8वें ओवर में पहला झटका लगा। टीम के कप्तान शुभमन गिल 30 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एटिंकसन ने आउट किया। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 47 गेंद में 26 रन ही बना सके। ईशान किशन को सैम करन ने पवेलियन भेजा। विराट कोहली ने 66 गेंद में 65 रन बनाए। उन्होंने रोहित और श्रेयस के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। सुंदर 5 गेंद में दो रन ही बना पाए।
26 अक्टूबर 2026