
इंदौर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और बचाव व्यवस्था कितनी प्रभावी है, इसे परखने के लिए इंदौर में 27 नवंबर को सिविल डिफेंस की दूसरी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी से लेकर ब्लैकआउट और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
जिले में यह मॉक ड्रिल पिपल्याहाना रोड स्थित एमजीएम बॉयज हॉस्टल में आयोजित की जाएगी। इसमें सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट और अन्य संबंधित विभागों की टीमें हिस्सा लेंगी। अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव अभियान के साथ आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को भी परखा जाएगा।
मॉक ड्रिल को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए आज 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 102 में टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारी पूरी कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे और अपनी-अपनी जिम्मेदारियां तय करेंगे। जिला कमांडेंट होमगार्ड और जिला कमांडेंट एसडीईआरएफ को संयुक्त रूप से इस आयोजन का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
24 नवंबर 2026