
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है, जबकि मंडला में नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। छतरपुर, सतना, मैहर, मंडला समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक भोपाल, उज्जैन, सागर, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग में अगले दो दिनों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक औसतन 29.2 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य बारिश के कोटे का करीब 78 प्रतिशत है।
मौसम विभाग ने शिवपुरी, गुना, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, नीमच, रतलाम, हरदा, मुरैना, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गुरुवार को ट्रफ के साथ स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय रहा। इसके प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश हुई। शुक्रवार को यह मौसम प्रणाली आगे बढ़ेगी, जिसके कारण अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
7 अक्टूबर 2026