
इंदौर। मध्यप्रदेश के सबसे धनी उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने दान के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलान्थ्रोपी लिस्ट-2026 में उन्हें देश के बड़े दानदाताओं में शामिल किया गया है। इस वर्ष 24 करोड़ रुपए का दान देकर उन्होंने देशभर में 60वां स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि वे लगातार छठे साल इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो विनोद अग्रवाल के दान में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2025 में उन्होंने 19 करोड़ रुपए का दान दिया था और सूची में 71वां स्थान हासिल किया था। वहीं, 2024 में 20 करोड़ रुपए के दान के साथ वे 58वें स्थान पर रहे थे। इस साल 24 करोड़ रुपए के घोषित दान के साथ उन्होंने एक बार फिर देश के प्रमुख दानदाताओं में अपनी जगह बनाई है।
विनोद अग्रवाल की पहचान केवल कारोबारी सफलता तक सीमित नहीं है। सितंबर 2026 में जारी एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2026 में भी उन्हें मध्यप्रदेश का सबसे धनी उद्योगपति घोषित किया गया था। 10,200 करोड़ रुपए की अनुमानित संपत्ति के साथ उन्होंने देशभर में 365वां स्थान हासिल किया था।
विनोद अग्रवाल बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नसेवा, गोसेवा, खेलकूद और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई परियोजनाएं संचालित कर रहा है। इन पहलों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
फाउंडेशन की प्रमुख परियोजनाओं में उज्जैन का महाकाल अन्नक्षेत्र और अयोध्या का चमेली देवी अग्रवाल अन्नक्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा जरूरतमंद बच्चों के हृदय उपचार में आर्थिक सहयोग, नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, शिक्षा सहायता और गोसंरक्षण से जुड़े कार्य भी किए जा रहे हैं। अन्नपूर्णा सेवा परियोजना और नीना विनोद अग्रवाल अन्नप्रसादम जैसी पहलों के जरिए जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है।
17 नवंबर 2026