
छत्तीसगढ़ के कांकेर में जीएसटी विभाग की एक अधिकारी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी और उनके कथित सहयोगी सीए इमरान मेमन को 1.50 लाख रुपए लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई के दौरान अधिकारी ने एसीबी की टीम को देखकर रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
मामले की शुरुआत 18 नवंबर को हुई, जब माकड़ी में स्क्रैप कारोबारी शोएब रंगरेज का वाहन पकड़ा गया। कारोबारी का कहना है कि गाड़ी में माल से संबंधित वैध ई-वे बिल मौजूद था। इसके बावजूद अधिकारी ने तकनीकी कमियां बताकर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने की बात कही। कारोबारी के मुताबिक, वाहन में करीब तीन लाख रुपए का माल था और इतनी बड़ी पेनाल्टी भरना उसके लिए संभव नहीं था।
आरोप है कि अधिकारी ने कार्रवाई से बचाने के लिए दो लाख रुपए का सौदा तय किया। इसमें 50 हजार रुपए सरकारी पेनाल्टी और डेढ़ लाख रुपए रिश्वत के रूप में मांगे गए। कारोबारी पर लगातार रकम जुटाने का दबाव बनाया जा रहा था। परेशान होकर उसने एसीबी रायपुर में शिकायत कर दी। शिकायत की पुष्टि के बाद एजेंसी ने आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई।
शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे आंचला गिरी आदर्श नगर स्थित अपने किराए के मकान के गेट पर मौजूद थीं। इसी दौरान सीए इमरान मेमन वहां पहुंचे और 500-500 रुपए के नोटों की गड्डी के रूप में डेढ़ लाख रुपए उन्हें सौंप दिए। रकम हाथ में आते ही आसपास तैनात एसीबी की टीम ने दबिश दे दी।
एसीबी की टीम को सामने देखकर अधिकारी घबरा गईं और नोट नाली में फेंककर घर के भीतर भागने लगीं। उनकी कोशिश हाथ धोकर सबूत मिटाने की थी, लेकिन टीम की महिला सदस्यों ने उन्हें पहले ही पकड़ लिया। सीए को भी मौके से हिरासत में ले लिया गया। बाद में दोनों के हाथ धुलवाए गए तो पानी गुलाबी हो गया। यह नोटों पर लगाए गए केमिकल का प्रमाण था। एसीबी ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
17 नवंबर 2026