
इंदौर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर इंदौर का परंपरागत झांकी चल समारोह शुक्रवार 25 सितंबर की शाम 6 बजे से शुरू होगा। 25 और 26 सितंबर की दरमियानी रात शहर की सड़कों पर आकर्षक विद्युत सज्जा से सजी झांकियां और अखाड़े नजर आएंगे। जिला प्रशासन ने चल समारोह को लेकर प्रशासनिक, सुरक्षा और अन्य सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस वर्ष खजराना गणेश मंदिर, शास्त्री कॉर्नर नवयुवक मंडल, इंदौर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, होप टेक्सटाइल (भंडारी मिल), कल्याण मिल, मालवा मिल, हुकमचंद मिल, स्वदेशी मिल, राजकुमार मिल और स्पूतनिक ट्यूटोरियल एकेडमी सहित संस्थाओं की झांकियां शामिल होंगी। कई संस्थाओं की दो से तीन झांकियां रहेंगी।
चल समारोह मिल क्षेत्र और डीआरपी लाइन मैदान से शुरू होकर श्रम शिविर, देवी अहिल्या मार्ग, एमजी रोड, कृष्णपुरा, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, नरसिंह बाजार, सीतला माता बाजार, गौराकुंड, खजूरी बाजार होते हुए राजवाड़ा पहुंचेगा। इसके बाद झांकियां अपने निर्धारित मिल परिसरों की ओर लौटेंगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मार्ग पर वॉच टावर और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। प्रमुख स्थानों पर चिकित्सकों के साथ एंबुलेंस तैनात रहेंगी। चल समारोह में शराब पीकर आने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाएगी।
अखाड़ों में धारदार हथियार, नशे की हालत में प्रदर्शन और खतरनाक करतब प्रतिबंधित रहेंगे। उस्तादों को प्रतीक के रूप में म्यान में एक तलवार रखने की अनुमति होगी। झांकियों और अखाड़ों को निर्धारित समय का पालन करना होगा।
15 अक्टूबर 2026