
इंदौर। रात के सन्नाटे में उठीं आग की लपटों ने चार्टर्ड बस डिपो को अपनी चपेट में ले लिया। एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी चार से पांच बसें पूरी तरह जल गईं। घटना के समय डिपो में आई-बस सहित कई अन्य चार्टर्ड बसें भी मौजूद थीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डिपो परिसर के बाहर जमा कचरे में आग लगी थी। रात में चल रही हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। इसकी चपेट में आने से चार से पांच बसें बुरी तरह जल गईं। आग को दूसरी बसों तक पहुंचने से रोकने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए।
डिपो से उठते धुएं के घने गुबार को देखकर कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान डिपो में खड़ी अन्य बसों को भी आग से सुरक्षित रखने के लिए दूर हटाया गया। फिलहाल जली हुई बसों से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
14 नवंबर 2026