
इंदौर। पंजाबी म्यूजिक के सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ आज इंदौर में अपने गानों से समां बांधेंगे। बायपास स्थित C-21 एस्टेट ग्राउंड पर होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर शहर में खासा उत्साह है। रात 8 बजे दिलजीत मंच पर पहुंचेंगे। आयोजन स्थल पर करीब 40 हजार दर्शकों के जुटने की संभावना है। इसके लिए लगभग 4 लाख वर्गफीट क्षेत्र में तैयारियां की गई हैं।
कॉन्सर्ट में एंट्री के लिए सबसे सस्ता टिकट 1500 रुपए का है, जबकि 10 लोगों के बैठने वाली VIP टेबल की कीमत 8 लाख रुपए रखी गई है। यानी VIP टेबल पर प्रति व्यक्ति करीब 80 हजार रुपए खर्च होंगे। टिकटों की अलग-अलग श्रेणियों के साथ आयोजन को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है।
कॉन्सर्ट में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दर्शकों के लिए C-21 बिजनेस पार्क में तीन अलग-अलग जोन में मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कनाड़िया की तरफ से आने वाले लोग पटेल नगर कट से खजराना मार्ग और पाकीजा कॉलोनी होते हुए RE-2 रोड से पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। रेडिसन चौराहे की ओर से आने वालों के लिए साईं कृपा कट, स्टार चौराहा और लाभगंगा RE-2 रोड का रास्ता तय किया गया है। देवास की तरफ से आने वाले दर्शक DPS अंडरब्रिज, TCL, वेलवेट गार्डन तिराहा और लाभगंगा RE-2 रोड से पहुंच सकेंगे।
VVIP वाहनों को लाभगंगा द पार्क होटल से पतंग तिराहा होते हुए दस्तूर डिलाइट VIP गेट तक पहुंचाया जाएगा। दूसरी ओर, लवकुश चौराहा, बापट और स्कीम नंबर 136 की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को देवास नाका, मांगलिया और सेंट्रल पॉइंट से बायपास होते हुए खंडवा-मुंबई की ओर भेजा जाएगा। खंडवा और देवगुराड़िया की तरफ से आने वाले भारी वाहन बायपास, सेंट्रल पॉइंट, मांगलिया और देवास नाका होते हुए बापट व लवकुश चौराहा से उज्जैन-धार की ओर जाएंगे।
14 नवंबर 2026