सांसद लालवानी ने इंदौर के विकास का ब्लूप्रिंट किया तैयार, इंदौर की जीडीपी को 2030 तक दोगुना करने का लक्ष्य

सांसद शंकर लालवानी की मुख्य सचिव अनुराग जैन से विस्तृत चर्चा, प्रेजेंटेशन के माध्यम से इंदौर के विकास का ब्लूप्रिंट किया साझा
इंदौर। इंदौर की जीडीपी को वर्ष 2030 तक दोगुना करने के लक्ष्य को लेकर चल रहे अभियान के तहत इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को प्रेजेंटेशन के माध्यम से इंदौर के विकास का ब्लूप्रिंट साझा किया और विस्तृत चर्चा की। इस दौरान इंदौर के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार, निवेश, रोजगार और भविष्य की विकास दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद लालवानी ने “इंदौर 2030: डबल जीडीपी का ब्लूप्रिंट” पर आधारित एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया
मुलाकात के दौरान सांसद शंकर लालवानी ने मुख्य सचिव अनुराग जैन को “इंदौर 2030: डबल जीडीपी का ब्लूप्रिंट” पर आधारित एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। इस प्रेजेंटेशन में बताया गया कि किस प्रकार इंदौर की जीडीपी को दोगुना करने के लिए शहर के औद्योगिक सेक्टर, व्यापारिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन, शैक्षणिक संस्थानों और प्रबुद्ध नागरिकों से लगातार संवाद कर एक व्यवहारिक और ज़मीनी रोडमैप तैयार किया गया है।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा- सांसद जी का यह प्रयास एक बेहद ठोस, गंभीर और दूरदर्शी कदम
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इस पूरी स्टडी की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बेहद ठोस, गंभीर और दूरदर्शी प्रयास है। उन्होंने कहा कि इंदौर की जीडीपी डबल करने के लिए किया गया यह अध्ययन प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी मार्गदर्शक बन सकता है। इसके लिए उन्होंने सांसद शंकर लालवानी को साधुवाद देते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।
सांसद बोले- उद्देश्य इंदौर को आर्थिक रूप से मजबूत, निवेश के लिए आकर्षक और लोगों के लिए बेहतर शहर बनाना
सांसद शंकर लालवानी ने मुख्य सचिव अनुराग जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश और इंदौर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर की जीडीपी डबल करने का यह अभियान केवल एक आंकड़े तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य इंदौर को आर्थिक रूप से मजबूत, निवेश के लिए आकर्षक और लोगों के लिए बेहतर शहर बनाना है।" सांसद लालवानी ने आगे बताया कि "इस ब्लूप्रिंट को तैयार करते समय आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक और औद्योगिक संस्थाओं के साथ गहन चर्चा की गई है। सभी के सुझावों को शामिल करते हुए एक ऐसा मॉडल तैयार किया गया है जिसे धरातल पर उतारा जा सके।"
इस बैठक में सांसद शंकर लालवानी के साथ शहर के कई वरिष्ठजन उपस्थित रहे
इस बैठक में सांसद शंकर लालवानी के साथ वरिष्ठ अर्थशास्त्री डॉ जयंतीलाल भंडारी, समाजसेवी डॉ अनिल भंडारी, प्रेस्टीज कॉलेज के प्रोफेसर डॉ दीपक जारोलिया, चिन्मय मांजरेकर, सांसद सेवा संकल्प से जुड़े अनुराग सिकरवार, अजय जैन तथा आलोक वाणी भी उपस्थित रहे। इस बैठक को इंदौर की जीडीपी डबल करने की दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है, जिससे नीति स्तर पर इस विषय को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Admin
10 दिसंबर 2025
Suggested News...