शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना आत्महत्या मामले में सीएम ने लिया एक्शन, सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित निलंबित

शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना आत्महत्या मामले में सीएम ने लिया एक्शन, सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित निलंबित

भोपाल। शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना की आत्महत्या के बाद उनके परिजनों ने उनका एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में दिनेश ने देवास की सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित पर प्रताड़ना और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाए थे। यह वीडियो उन्होंने अपनी जान देने से ठीक पहले बनाया था। गौरतलब है कि दिनेश ने 8 नवंबर को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। अब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पहल करते हुए सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शराब कारोबारी दिनेश मकवाना ने क्या कहा वीडियो में

दिनेश मकवाना ने चलती कार में 1 मिनट 6 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में दिनेश ने बताया कि वह देवास जिले में शराब के ठेके चलाते हैं और उनका कुल काम 14 करोड़ रुपए का है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देवास की सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित उनसे हर दुकान के लिए डेढ़ लाख रुपए महीना मांगती थीं। उनके पास पांच दुकानें थीं, जिसके हिसाब से उन्हें हर महीने साढ़े सात लाख रुपए देने पड़ते थे।

वीडियो में दिनेश ने कहा कि वह अब तक वह 20 से 22 लाख रुपए अधिकारी को दे चुके थे। जब धंधा मंदा होने के कारण उन्होंने थोड़ा समय मांगा और दशहरे के बाद भुगतान करने की बात कही, तो अधिकारी ने वेयर हाउस से उनका माल उठने पर रोक लगा दी। दिनेश ने वीडियो में साफ कहा कि रोज-रोज की इस प्रताड़ना से तंग आकर ही वह आत्महत्या जैसा कदम उठा रहे हैं।

दिनेश की मां ने लगाए हैं आरोप, कहा- दूसरी किस्त वह खुद देने गई थी

अब दिनेश की मां ने भी आरोप लगाया कि मंदाकिनी दीक्षित कहती थीं कि उन्हें यह पैसा ऊपर उज्जैन में बैठे आला अधिकारियों को देना पड़ता है। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को बेटे ने पहली किस्त दी थी और मई में दूसरी किस्त वह खुद देने गई थीं। यह लेनदेन देवास की ग्रीन कॉलोनी स्थित मंदाकिनी के निजी ऑफिस पर होता था। कनाड़िया पुलिस ने दिनेश की मां और पत्नी के बयान दर्ज कर विस्तार जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि "देवास जिले में एक मदिरा ठेकेदार द्वारा आत्महत्या के पूर्व बनाए गए वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए देवास की प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उनके विरुद्ध जांच भी की जा रही है। यह प्रकरण प्रथम दृष्ट्या अत्यंत गंभीर श्रेणी का है।"

Admin

7 दिसंबर 2025

Suggested News...